सिंहेश्वर धाम में जलाभिषेक के दौरान मची अफरा-तफरी, भारी भीड़ के बीच कई श्रद्धालु घायल


 मधेपुरा। सावन की अंतिम सोमवारी पर बिहार के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इसी दौरान मधेपुरा के प्रसिद्ध सिंहेश्वर धाम मंदिर में जलाभिषेक के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई। भारी भीड़ के बीच कई श्रद्धालुओं के चोटिल होने की सूचना है।

बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में उम्मीद से अधिक श्रद्धालुओं के एक साथ पहुंचने के कारण भीड़ अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिससे श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया।

स्थिति बिगड़ते ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने मोर्चा संभाला। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, घायल श्रद्धालुओं को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से प्रवेश कराने और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।



गौरतलब है कि पिछले सोमवार को लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में जलाभिषेक के दौरान भगदड़ में सात लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर प्रमुख शिव मंदिरों में सुरक्षा बढ़ाई गई थी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ